आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर फिर हादसा,प्रयागराज से दिल्ली जा रही स्नानार्थियों की कार हादसे का शिकार हुयी, एक सख्श की मौत,तीन घायल

 फिरोजाबाद। जनपद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सोमवार को फिर एक दर्दनाक हादसा हुआ। महाकुंभ प्रयागराज से लौट रहे स्नानार्थियों की गाड़ी में पीछे से आने वाली एक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के शिकार सभी लोग एक ही परिवार के हैं जो कि दिल्ली से प्रयागराज स्नान के लिए गए थे। घटना सोमवार को जनपद के मटसेना थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ-एक्सप्रेस वे पर माइलस्टोन संख्या 41 के पास हुई. हादसे का शिकार परिवार दिल्ली का रहने वाला है। दिल्ली के मयूर विहार निवासी महेश चंद्र गुप्ता अपने बेटे अमन और बेटी तृप्ति इसके अलावा अपने साले के बेटा अर्चित निवासी राजा मंडी आगरा के साथ महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। सोमवार को यह लोग लौट रहे थे। मटसेना थाना क्षेत्र में उनकी गाड़ी को पीछे से आ रही एक और अन्य गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे से एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। मौके पर थाना मटसेना पुलिस और यूपीडा की गाड़ी पहुंची और दुर्घटना की शिकार गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकलवा कर शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय में भेजा। जहां डॉक्टरों ने महेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

25-02-2025