अमेरिकी सेना ने सीरिया में एक एयर स्ट्राइक में अलकायदा से जुड़े आतंकी संगठन हुर्र-अल-दीन के एक सीनियर कमांडर को मार गिराया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया, कि उत्तर-पश्चिमी सीरिया में शनिवार को किए गए इस हमले में संगठन का एक वरिष्ठ वित्त और रसद अधिकारी मारा गया।
अमेरिकी सेना ने रविवार को बताया कि यह हमला आतंकवादियों द्वारा अमेरिका, उसके सहयोगियों और साझेदारों के खिलाफ हमलों की साजिशों को नाकाम करने की रणनीति का हिस्सा था। सेंट्रल कमांड के कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला ने कहा, हम अपनी मातृभूमि और क्षेत्र में अमेरिका, उसके सहयोगी और साझेदारों की सुरक्षा के लिए आतंकवादियों का पीछा करना जारी रखेंगे।
यह हवाई हमला इराक के रावा क्षेत्र में इराकी सुरक्षा बलों द्वारा किए गए ऑपरेशन के तीन दिन बाद हुआ, जिसमें आईएसआईएस के पांच आतंकी मारे गए थे। हाल ही में अमेरिकी सेना ने सीरिया में कई आतंक विरोधी हमले किए हैं।
पिछले हमले में भी बड़ा आतंकी मारा गया
इससे पहले, 30 जनवरी को अमेरिकी बलों ने उत्तरी-पश्चिमी सीरिया में एक एयर स्ट्राइक की थी, जिसमें हुर्र-अल-दीन के सीनियर कमांडर मुहम्मद सलाह अल-जबीर की मौत हो गई थी। अमेरिका की यह कार्रवाई क्षेत्र में आतंकवाद को खत्म करने और सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।
17फरवरी25
